कांग्रेस ने नगर परिषद का घेराव किया:भिंड में सीएमओ को चोर कहा, 6 महीने से खुदी सड़कों पर जताई नाराजगी
भिंड के रौन नगर परिषद क्षेत्र में बदहाल सड़कों, नालियों, अधूरे विकास कार्यों, सफाई और पेयजल की समस्याओं को लेकर मंगलवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नगर परिषद का घेराव किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर धरना दिया और नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सीएमओ संतोष सिहारे को चोर कहकर नारे भी लगाए गए। प्रदर्शनकारियों और सीएमओ के बीच बहस हुई। बाद में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम सीएमओ को ज्ञापन सौंपा। 6 महीने से खुदी पड़ी सड़कें कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि नल-जल योजना के लिए कई वार्डों में सड़कें खोदी गई थीं।
करीब छह महीने बाद भी इनकी मरम्मत नहीं हुई है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कई वार्डों में नालियों की सफाई नहीं होने से गंदगी की समस्या बनी हुई है। कांग्रेस नेता राहुल सिंह भदौरिया ने कहा कि जर्जर सड़कों और मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोग परेशान हैं।
उन्होंने अधूरे विकास कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की। कांग्रेस नेता अनिरुद्ध प्रताप सिंह राजावत ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने सड़क और पेयजल की समस्याओं का समाधान कराने के साथ विकास कार्यों की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
सड़क, नाला और पुलिया के काम अधूरे होने का आरोप ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सड़क, नाला, पुलिया, सीसी रोड, सामुदायिक भवन और शौचालय निर्माण सहित कई काम अधूरे पड़े हैं। कांग्रेस ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने, नालियों की सफाई कराने और अधूरे काम जल्द पूरा कराने की मांग की।
इसके अलावा पेंशन, खाद्यान्न पर्ची, संबल कार्ड और जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित अन्य नागरिक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का भी जल्द निराकरण कराने की मांग रखी गई।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंह, सतेंद्र सिंह, राजू, ब्रजेंद्र सिंह, नरेश राठौर, संजीव करैया, सुंदर सिंह, हरिओम सिंह, पार्षद और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। देखें प्रदर्शन के दौरान की तस्वीरें...
📡 स्रोत: NewsData.io