राजनीति

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का बयान उनकी हताशा और मानसिक दिवालियापन का परिचायक: सिकंदर कुमार

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 24 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी लोकतंत्र की मर्यादाओं का खुला उल्लंघन

अगस्त 24, शिमला (हिमाचल प्रदेश): राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर सिकंदर कुमार ने कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है।

डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि पवन खेड़ा द्वारा गृह मंत्री के विरुद्ध सार्वजनिक रूप से इस्तेमाल की गई असंसदीय भाषा कांग्रेस पार्टी की हताशा, बौखलाहट और गिरते राजनीतिक स्तर को उजागर करती है। डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि लगातार जनता द्वारा नकारे जाने के बाद कांग्रेस नेता मानसिक संतुलन खो चुके हैं।

लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद और नीतियों की आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन मर्यादाओं की सीमाएं लांघकर देश के गृह मंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना अशोभनीय और अस्वीकार्य है। यह न केवल सार्वजनिक जीवन की गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि देश के कानून का भी खुला उल्लंघन है।

सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि पवन खेड़ा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356 (मानहानि) और धारा 352 (शांति भंग कराने के आशय से जानबूझकर अपमान) सहित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर तुरंत कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए संबंधित वीडियो, ऑडियो एवं सोशल मीडिया बयानों के मूल एवं डिजिटल साक्ष्यों को विधिपूर्वक सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच अमल में लाई जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को अपने प्रवक्ताओं को मर्यादित भाषा में बात करने की नसीहत देनी चाहिए। राजनीति में ऐसी ओछी बयानबाजी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून के सामने सभी समान हैं और किसी को भी गरिमापूर्ण पदों पर बैठे जनप्रतिनिधियों की मानहानि करने की छूट नहीं दी जा सकती।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।