अपराध

कंजार्डा पुलिस ने 4.24 क्विंटल डोडाचूरा पकड़ा:बोलेरो से हो रही थी तस्करी, 3 आरोपी गिरफ्तार; बाइक से कर रहे थे पायलटिंग

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 30 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कंजार्डा पुलिस ने 4.24 क्विंटल डोडाचूरा पकड़ा:बोलेरो से हो रही थी तस्करी, 3 आरोपी गिरफ्तार; बाइक से कर रहे थे पायलटिंग

नीमच जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मनासा थाना क्षेत्र की कंजार्डा पुलिस चौकी टीम ने घेराबंदी कर 4.24 क्विंटल (424 किलोग्राम) डोडाचूरा जब्त किया है। यह डोडाचूरा एक बोलेरो कैम्पर से ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया है, जो एक मोटरसाइकिल से बोलेरो की पायलटिंग कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बोलेरो कैम्पर में बड़ी मात्रा में डोडाचूरा ले जाया जा रहा है। इसके आगे एक मोटरसाइकिल सवार पायलटिंग करते हुए चल रहा है।

इस सूचना पर कंजार्डा चौकी पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित कर संभावित मार्ग पर घेराबंदी और सघन चेकिंग शुरू की। घेराबंदी के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल और उसके पीछे आ रही बोलेरो कैम्पर को पुलिस टीम ने रोक लिया। बोलेरो कैम्पर की तलाशी लेने पर उसमें 21 कट्टों में भरा कुल 424 किलोग्राम डोडाचूरा मिला।

पुलिस ने डोडाचूरा के साथ-साथ तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो कैम्पर और पायलटिंग वाली मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान श्यामलाल पिता हजारीलाल गुर्जर, दशरथ पिता सूरजमल भील और रतन पिता भाना भील के रूप में हुई है। ये तीनों कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम तामोटी के निवासी हैं।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत और इसकी डिलीवरी के स्थान के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।