कन्नौज में ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम शुरू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कन्नौज जिले में शुक्रवार को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारम्भ विकास भवन स्थित हर्षवर्धन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आँगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य एवं मातृ-शिशु देखभाल से जुड़ी सेवाओं के प्रति जनजागरूकता को प्रभावी बनाना है।कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा 40 आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ी वितरित की गईं तथा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाली 10 आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर 07 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म एवं एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। कार्यक्रम में विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से उपस्थित लोगों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए आँगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मध्य रेसिपी प्रतियोगिता आयोजित की गई तथा आकर्षक रंगोली भी बनाई गई।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आँगनबाड़ी कार्यकर्त्ता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बच्चों के स्वस्थ विकास, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण तथा परिवारों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का अनुरोध किया।