राजनीति

कानपुर देहात में नहर किनारे मिले 250 आधार कार्ड:चरवाहों को मिले दस्तावेज, युवक ने वोट बढ़ाने की आशंका जताई

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 27 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कानपुर देहात में नहर किनारे मिले 250 आधार कार्ड:चरवाहों को मिले दस्तावेज, युवक ने वोट बढ़ाने की आशंका जताई

कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र में नहर किनारे करीब 200 से 250 आधार कार्ड पड़े मिलने का मामला सामने आया है। गैजूमऊ गांव में मवेशी चरा रहे चरवाहों को ये आधार कार्ड मिले। इसके बाद इनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगा। आधार कार्ड एक ही विधानसभा क्षेत्र के आसपास के गांवों के होने पर निर्वाचन आयोग से जांच की मांग की गई है।

सोमवार शाम करीब 4 बजे गैजूमऊ गांव के कुछ लोग नहर किनारे मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उन्हें नहर की पटरी पर बड़ी संख्या में आधार कार्ड पड़े दिखाई दिए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी गांव के अभिषेक यादव को दी। अभिषेक ने मौके पर पहुंचकर देखा तो उसके मुताबिक करीब 200 से 250 आधार कार्ड पड़े थे।

इसके बाद उसने वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया। अभिषेक यादव का दावा है कि ज्यादातर आधार कार्ड झींझक ब्लॉक के जसापुर, मंगलपुर और आसपास के गांवों के पतों से जुड़े हैं। ये गांव सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र में आते हैं। युवक ने आशंका जताई कि कहीं इन दस्तावेजों का इस्तेमाल फर्जी तरीके से वोट बढ़ाने में तो नहीं किया गया।

उसने निर्वाचन आयोग और जिले के अधिकारियों से जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, गांव के कुछ लोग आधार कार्डों का इस्तेमाल साइबर अपराध में किए जाने की आशंका जता रहे हैं। युवक का कहना है कि उसने मौके से कुछ आधार कार्ड इकट्ठा किए हैं, जिन्हें जांच के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।

रूरा थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया था, लेकिन वीडियो में दिखाई गई जगह पर कोई आधार कार्ड नहीं मिला। युवक से संपर्क कर आधार कार्ड लेकर जांच कराई जाएगी। क्यूआर कोड स्कैन करके भी उनकी प्रामाणिकता जांची जा सकती है। एसडीएम अकबरपुर राजकुमार पांडेय ने कहा कि आधार कार्ड किसके हैं और यहां कैसे पहुंचे, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।