कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, 4 की मौत, दो घायल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 23 अक्टूबर। जयपुर जिले के जमवारामगढ़ में शुक्रवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर रायसर के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
कार खाई में गिरने के कारण उसमें सवार लोग अंदर फंस गए थे। पुलिस और बचाव दल ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला जा सका। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में आगरा निवासी अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा की मौत हो गई। वहीं राहुल और अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी युवक उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले थे और खाटूश्यामजी मंदिर में दर्शन कर लौट रहे थे।
इसी तरह सीकर जिले के रींगस में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर नदी पुलिया के पास बस और ट्रक की भिड़ंत में डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे में घायल सभी लोगों को राजकीय उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक नदी पुलिया के पास सड़क किनारे ट्रक का टायर बदल रहा था। इसी दौरान ओवरटेक करते समय तेज रफ्तार बस ट्रक से टकरा गई। बस में पुणे से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे 37 श्रद्धालु सवार थे। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।