करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत

रायपुर, 22 अगस्त 2026 रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को करंट की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला सूखने के लिए टंगे कपड़े निकालने गई थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। अपनी मां को करंट से चिपका देख उसे बचाने के लिए पहुंचा 23 वर्षीय बेटा भी करंट की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि मृतका मूल रूप से धरसींवा के कूंरा गांव की रहने वाली थी और अपने बेटे के साथ बेटी से मिलने आई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और बालकनी की रेलिंग के बीच जीआई पाइप बांधा गया था। बताया जा रहा है कि कूलर में करंट आने के कारण वह बालकनी और जीआई पाइप तक फैल गया।
कपड़े निकालने के दौरान महिला जीआई पाइप के संपर्क में आई और करंट की चपेट में आ गई। मां को बचाने पहुंचे बेटे की भी करंट लगने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर जांच में जुट गई है।