करौली में 154 शहीदों को नमन, पुलिसकर्मियों ने किया रक्तदान और पौधारोपण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
करौली में पुलिस शहीद दिवस पर 154 वीर जवानों को नमन, रक्तदान और पौधारोपण कर दिया सेवा का संदेश
करौली। 68वें पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि समारोह सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान देश की सुरक्षा और राष्ट्रसेवा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद किया गया। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में एएसपी रामकुमार कस्वां सहित अन्य पुलिस अधिकारियों, डीएसपी किशोर भदोरिया और जिले के पुलिस जवानों ने शहीदों को नमन किया। इस दौरान पुलिस जवानों ने तीन राउंड हवाई फायर कर वीर शहीदों को सलामी दी और उनके बलिदान को याद किया।
एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि पुलिस शहीद दिवस हर साल 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। यह दिवस 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए शहीद हुए पुलिस जवानों की स्मृति में मनाया जाता है।
उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक विभिन्न परिस्थितियों में राष्ट्र की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले 154 वीर जवानों के नामों का वाचन कर उनके बलिदान को याद किया गया।
एसपी ने कहा कि पुलिस, अर्धसैनिक बल और सेना के जवान दुर्गम परिस्थितियों में भी राष्ट्रसेवा और देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उनका साहस, त्याग और समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण भी किया गया। एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और शहीदों की स्मृति को सम्मान देने के साथ प्रकृति के संरक्षण का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। एसपी लोकेश सोनवाल, एएसपी रामकुमार कस्वां सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने रक्तदान किया। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद करने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
पुलिस शहीद दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के जरिए वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। साथ ही रक्तदान और पौधारोपण के माध्यम से जनसेवा, सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
बाइट -- लोकेश सोनवाल, एसपी करौली