करेरा में लोधी समाज में आक्रोश, आरती त्रिपाठी के खिलाफ कार्रवाई की मांग, SDM को सौंपा ज्ञापन

करेरा, शिवपुरी। लोधी समाज के प्रति कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले को लेकर करेरा में सर्व समाज में आक्रोश है। बुधवार को समस्त सामाजिक जनों एवं लोधी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम साहब को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरती त्रिपाठी द्वारा लोधी समाज के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की गई है। सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि श्रीमती आरती त्रिपाठी जी द्वारा लोधी समाज को लक्षित कर आपत्तिजनक एवं अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है।
इस कथन से पूरे लोधी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज के लोगों में इस बयान को लेकर गहरा आक्रोश और असंतोष व्याप्त है। ज्ञापन में कहा गया है कि भारत की सामाजिक व्यवस्था आपसी सद्भाव, भाईचारे और सभी वर्गों के सम्मान पर टिकी हुई है।
किसी भी सजातीय जाति अथवा समुदाय के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का काम करता है। किसी भी समाज, वर्ग के दुर्गम्य एवं सम्मानित नागरिकों के प्रति इस प्रकार के अपमानजनक शब्द कतई स्वीकार्य नहीं हो सकते।
समाज के प्रतिनिधियों ने एसडीएम से आग्रह किया है कि इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष एवं गहन जांच की जाए। यदि आरोप सत्य पाए जाते हैं तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति किसी भी समाज या जाति के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करने का दुस्साहस न कर सके।
प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष अथवा संस्था का अपमान करना नहीं है, बल्कि अपने समाज के सम्मान की रक्षा करना है। साथ ही सर्वसमाज में आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक समरसता बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के लोगों ने कहा कि उन्हें प्रशासन पर पूरा भरोसा है।
प्रशासन इस मामले की गंभीरता को समझते हुए निष्पक्ष कार्रवाई करेगा और भविष्य में इस प्रकार की आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग एवं लोधी समाज के वरिष्ठ जन, युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सभी नेए एक स्वर में मांग की है कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समाज को आगे की रणनीति पर विचार करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। ज्ञापन पर अतरसिंह लोधी सहित समस्त सामाजिक जनों के हस्ताक्षर हैं।