राज्य

कर्मचारी हितों के सजग प्रहरी एवं समाजसेवी श्री सुरेन्द्र सिंह भदौरिया का न्यायिक कर्मचारी संघ ने किया सम्मान

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 1 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कर्मचारी हितों के सजग प्रहरी एवं समाजसेवी श्री सुरेन्द्र सिंह भदौरिया का न्यायिक कर्मचारी संघ ने किया सम्मान

ग्वालियर। कर्मचारी हितों के लिए आजीवन संघर्षरत रहे वरिष्ठ कर्मचारी नेता, कुशल संगठनकर्ता एवं समाजसेवी श्री सुरेन्द्र सिंह भदौरिया जी के सेवानिवृत्त होने पर न्यायिक कर्मचारी संघ द्वारा उनके निज निवास पहुंचकर आत्मीय एवं गरिमामय वातावरण में उनका सम्मान किया गया।

न्यायिक कर्मचारी संघ की ओर से स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर श्री भदौरिया जी के सुखद, स्वस्थ, समृद्ध एवं सम्मानपूर्ण भविष्य की मंगलकामना की गई। इस अवसर पर उनके लंबे सेवाकाल, कर्मचारी हितों के प्रति संघर्ष एवं सामाजिक तथा धार्मिक क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान को विशेष रूप से स्मरण किया गया।

श्री सुरेन्द्र सिंह भदौरिया वर्तमान में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश संगठन मंत्री हैं तथा पूर्व में मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।

इसके साथ ही वे भारतीय मजदूर संघ में विभाग प्रमुख एवं स्काउट गाइड के जिला सचिव के दायित्वों का भी निर्वहन कर चुके हैं। अपने लंबे संगठनात्मक जीवन में उन्होंने सदैव कर्मचारियों की समस्याओं और अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कर्मचारी हितों के साथ धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान श्री भदौरिया ने अपना जीवन केवल कर्मचारी संगठनों और कर्मचारी हितों तक ही सीमित नहीं रखा, बल्कि धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

वे श्रीमद्भागवत कथा के सफल संचालक के रूप में भी निरंतर धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके कुशल मार्गदर्शन एवं संचालन में ग्वालियर शहर में अब तक चार श्रीमद्भागवत कथाओं का सफल एवं भव्य आयोजन संपन्न कराया जा चुका है।

इन धार्मिक आयोजनों के माध्यम से उन्होंने समाज में धार्मिक आस्था, संस्कार, सद्भाव एवं सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया है। धार्मिक आयोजनों के प्रति उनकी गहरी आस्था और समर्पण का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनका संकल्प भविष्य में 11 श्रीमद्भागवत कथाओं का सफल आयोजन एवं संपादन पूर्ण करने का है।

उनका यह संकल्प निश्चित रूप से समाज में धार्मिक चेतना एवं सकारात्मक मूल्यों के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

इस अवसर पर न्यायिक कर्मचारी संघ के राहुल सिंह राजावत ‘राहुल भैया’ ने कहा कि श्री सुरेन्द्र सिंह भदौरिया जी एक ऐसे बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी हैं, जिन्होंने कर्मचारी हितों के लिए संघर्ष करने के साथ-साथ सामाजिक एवं धार्मिक दायित्वों का भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया है।

उन्होंने कहा कि श्री भदौरिया जी का जीवन संघर्ष, सेवा, संगठन और संस्कारों का अद्भुत संगम है। कर्मचारी संगठनों में उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता ने जहां हजारों कर्मचारियों को दिशा प्रदान की है, वहीं धार्मिक क्षेत्र में उनके प्रयास समाज को सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक चेतना प्रदान कर रहे हैं।

न्यायिक कर्मचारी संघ ने श्री सुरेन्द्र सिंह भदौरिया जी के सेवानिवृत्ति उपरांत जीवन के लिए उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की मंगलकामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी अपने अनुभव, मार्गदर्शन एवं सामाजिक सक्रियता से कर्मचारी जगत तथा समाज को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।