करोंद मंडी में 1 सितंबर से मंडी कर्मचारी कराएंगे प्याज की शासकीय नीलामी

किसानों और व्यापारियों की मांग पर लिया निर्णय, सुबह 8 से 10 बजे तक होगी नीलामी
भोपाल। कृषि उपज मंडी समिति करोंद में किसानों की प्याज की नीलामी अब मंडी कर्मचारियों द्वारा कराई जाएगी। मंडी समिति ने किसानों एवं प्याज व्यापारियों की मांग को ध्यान में रखते हुए 1 सितंबर 2026 से सुबह 8 बजे से 10 बजे तक प्याज की शासकीय नीलामी कराने का निर्णय लिया है।
मंडी समिति के अनुसार, 31 अगस्त की रात्रिकालीन शिफ्ट में मंडी गेट पर किसानों को प्याज की प्रवेश पर्ची मैनुअल रूप से जारी की जाएगी। इसके बाद किसानों की प्याज को नीलामी शेड में क्रमवार व्यवस्थित किया जाएगा। 1 सितंबर की सुबह 8 बजे से लहसुन नीलामी टीम द्वारा प्याज की नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्याज व्यापारियों की बैठक में भी मंडी कर्मचारियों द्वारा नीलामी कराए जाने पर सहमति दी गई है। मंडी गेट पर तैनात तीनों शिफ्ट के कर्मचारी नीलामी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग करेंगे।
मंडी समिति ने संबंधित कर्मचारियों और व्यापारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।