इतिहास

करुणा बुद्ध विहार में समाज की प्रतिभावान बेटियों का सम्मान

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 31 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
करुणा बुद्ध विहार में समाज की प्रतिभावान बेटियों का सम्मान

भोपाल। दि बुद्धिस्ट सोसायटी ऑफ इंडिया की जिला शाखा एवं प्रबुद्ध महिला मंडल के तत्वावधान में तुलसी नगर स्थित करुणा बुद्ध विहार में समाज की तीन प्रतिभावान बेटियों का सम्मान किया गया। इन बेटियों ने अपनी उपलब्धियों से परिवार और समाज के साथ देश का भी नाम रोशन किया है।

कार्यक्रम की शुरुआत पूज्य भिक्षुणी संघमित्रा जी द्वारा उपासक-उपासिकाओं को बुद्ध धम्म संघ वंदना ग्रहण कराने के साथ हुई। इसके बाद प्रतिभावान बेटियों का सम्मान किया गया।

समाज की बेटी खुशी बाबाराव दाभाडे ने मलेशिया में आयोजित खेल प्रतियोगिता में एथलेटिक्स (तलवारबाजी) में भारत के लिए स्वर्ण पदक हासिल कर देश को गौरवान्वित किया। वहीं आयुष्मती प्रीति वाहने ने एमपीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर अस्पताल प्रबंधक के पद पर नियुक्ति प्राप्त की।

इसी क्रम में अंकिता निरंजन गजभिये ने बैंकिंग परीक्षा उत्तीर्ण कर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में प्रोफेशनल ऑफिसर के पद पर नियुक्ति हासिल की। संस्था की ओर से तीनों बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

उपस्थित पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे आगे भी अपनी प्रतिभा को निखारते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करें और समाज एवं देश का नाम रोशन करती रहें। वर्षावास के पावन अवसर पर आयु संतोष चोखान्द्रे की ओर से उपस्थित उपासक-उपासिकाओं के लिए भोजनदान भी किया गया।

इस अवसर पर संस्था के प्रदेश महासचिव चिंतामन पगारे, जिला अध्यक्ष मनोज माणिक, उपाध्यक्ष एआर आनंद, सचिव एडवोकेट संजय पाटिल, अशोक गेडाम, चंद्र कुमार ढोले, दिनेश पाटिल, राजू गेडाम, प्रबुद्ध महिला मंडल की अध्यक्ष अंजलि चवरे, कोषाध्यक्ष कविता गेडाम, शीला पगारे, पुष्पलता गेडाम सहित बड़ी संख्या में बौद्ध उपासक-उपासिकाएं एवं अनुयायी मौजूद रहे।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।