काशी में 7-8 अक्टूबर को ‘नमो बुक फेस्ट-Gen-V’ का आयोजन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
वाराणसी में काउंसिल फॉर मीडिया एंड पब्लिक पॉलिसी रिसर्च (CMPPR) की ओर से आयोजित होने वाले दो दिवसीय ‘नमो बुक फेस्ट-Gen-V’ को लेकर आयोजन संस्था से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि फेस्टिवल का आयोजन 7 और 8 अक्टूबर को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक किया जाएगा।उन्होंने बताया कि फेस्टिवल का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, नेतृत्व, शासन मॉडल और नीतियों पर लिखी गई पुस्तकों को एक मंच पर प्रदर्शित करने के साथ युवाओं के बीच इन विषयों पर संवाद स्थापित करना है।
विभिन्न भाषाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कार्यों पर 500 से अधिक पुस्तकें लिखे जाने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि इन पुस्तकों के माध्यम से युवाओं को शासन और नीतियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा।अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि ‘नमो बुक फेस्ट’ का पहला संस्करण दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित किया गया था।
इसमें दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों तथा करीब एक हजार स्कूलों के हजारों छात्रों ने भाग लिया था। इस दौरान 450 से अधिक पुस्तकों को 10 श्रेणियों में प्रदर्शित किया गया था। इसी आयोजन में ‘Gen-V’ की अवधारणा भी पेश की गई थी, जिसका आशय विकसित भारत के विजन से जुड़ी नई पीढ़ी से है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में इस बार काशी में विशेष संस्करण आयोजित किया जा रहा है।फेस्टिवल में देश-विदेश के लेखक, नीति निर्माता, चिंतक, पत्रकार और यूथ आइकन शामिल होंगे।
इनमें केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अशोक श्रीवास्तव, लेखक अमीश त्रिपाठी, राहुल शिवशंकर, आरजे रौनक, अभिनेत्री सुजैन बर्नर्ट, आदित्य राज कौल, गौतम चिकरमाने और नलिन मेहता सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान पुस्तक प्रदर्शनी के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद और परिचर्चा के सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।