विदेश

काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवम्‍बर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवम्‍बर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा

शिक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस बार संगमम का विषय तिरुक्कुरल पायिलवोम- तिरुक्कुरल अभ्‍यास करें है। इसके अन्‍तर्गत तमिलनाडु से लगभग चौदह सौ प्रतिभागी सात समूहों में काशी की आठ दिन की यात्रा करेंगे। प्रत्येक समूह में करीब दो सौ सदस्य होंगे। यात्रा में वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या शामिल हैं। इस दौरान सांस्कृतिक, शैक्षणिक, विषय आधारित और आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मंत्रालय ने कहा कि युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी भारत की प्राचीन ज्ञान परंपराओं से जुड़ सके। मंत्रालय ने तमिलनाडु के पात्र आवेदकों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों से इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंजीकरण करने की अपील की है। यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक एकता, भाषाई विविधता और साझा सभ्यतागत विरासत का उत्सव है।

इच्छुक आवेदक आईआईटी मद्रास द्वारा संचालित काशी तमिल संगमम के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण इस महीने की 22 तारीख से शुरू हो चुका है और 13 नवम्‍बर तक चलेगा।

मंत्रालय के अनुसार, सात श्रेणियों में आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक और मीडिया पेशेवर, कृषि और संबंधित क्षेत्र, पेशेवर तथा कारीगर, महिलाएं और आध्यात्मिक नेता शामिल हैं।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।