कटिहार में रोबोशाला से तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कोढ़ा के सादलपुरकला विद्यालय में रोबोशाला कार्यक्रम आयोजित हुआ। डीएम आशुतोष द्विवेदी ने विद्यार्थियों में विज्ञान, रोबोटिक्स और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
27 अक्टूबर , कटिहार (कटिहार, बिहार) : नीति आयोग की पहल के तहत आयोजित जिलाधिकारी छात्र संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सादलपुरकला में ‘रोबोशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रोबोटिक्स और नवाचार से जुड़ी आधुनिक गतिविधियों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में तकनीकी शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ ही कोडिंग, रोबोटिक्स तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों की समझ बढ़ाने पर जोर दिया गया। इसके जरिए विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, रचनात्मकता, समस्या समाधान की क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और विद्यार्थियों को नवाचार एवं तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘रोबोशाला’ कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने तथा भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप अपनी क्षमताओं का विकास करने का अवसर प्रदान करेगा।
जिलाधिकारी ने छात्र संवाद कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह की पहल विद्यार्थियों को नई तकनीकों को समझने, प्रयोग करने और नवाचार आधारित गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करती है। इससे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति उनकी जिज्ञासा बढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक की संभावनाओं से परिचित कराने तथा उनमें वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को प्रोत्साहित करने की दिशा में पहल की गई।