कौशांबी में 4 दिन से मूसलाधार बारिश से जलभराव:आज भी बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल, BSA ने जारी किया नया आदेश
कौशांबी में लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और जगह-जगह जलभराव को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। गुरुवार को भी कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने बुधवार शाम इस संबंध में आदेश जारी किया।
आदेश के तहत परिषदीय, माध्यमिक, सहायता प्राप्त और सभी बोर्डों से संचालित हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। प्रशासन ने यह निर्णय बारिश के बीच बच्चों के स्कूल आने-जाने में होने वाली परेशानी और जलभराव से संभावित खतरे को देखते हुए लिया है।
चार दिन से बारिश, कई इलाकों में पानी भरा जिले में लगातार हो रही बारिश से जिला अस्पताल समेत कई गांवों और नगर पालिका मंझनपुर के अलग-अलग इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के पानी की निकासी के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम गठित की है। पंपिंग सेट और जेसीबी की मदद से जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने का काम कराया जा रहा है। प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अगले तीन दिन भी खराब रह सकता है मौसम BSA डॉ.
कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि लगातार बारिश और जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अवकाश घोषित किया गया है। आदेश सभी संबंधित विद्यालयों पर लागू होगा। मौसम विभाग के अनुसार, कौशांबी में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
ऐसे में प्रशासन की नजर जलभराव वाले इलाकों के साथ ही स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर भी बनी हुई है।
📡 स्रोत: NewsData.io