राज्य

केन-बेतवा परियोजना से बदलेगा बुंदेलखंड का परिदृश्य, 8.11 लाख हेक्टेयर में होगी सिंचाई: CM मोहन यादव

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 22 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खजुराहो में केन-बेतवा लिंक परियोजना की समीक्षा के बाद टीवी चैनल प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह भारत की पहली नदी लिंक परियोजना है, जिसका क्रियान्वयन मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सरकार, केंद्र सरकार के सहयोग से कर रही हैं।

परियोजना की आधारशिला दिसंबर 2024 में रखी गई थी और इसे वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के पूरा होने के बाद बुंदेलखंड और मध्यभारत के कई जिलों का परिदृश्य बदल जाएगा। परियोजना से करीब 8 लाख 11 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में वार्षिक सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

वहीं करीब 44 लाख लोगों को पेयजल और ऊर्जा के क्षेत्र में भी बड़ा लाभ मिलेगा। परियोजना से 103 मेगावाट जल विद्युत और 27 मेगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य है। पन्ना, छतरपुर, दमोह, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में सिंचाई सुविधा पहुंचेगी।

सागर जिले में बीना कॉम्प्लेक्स के जरिए करीब 90 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को वार्षिक सिंचाई सुविधा मिलने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना से प्रभावित विस्थापित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय विधायकों और जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की गई।

सरकार का कहना है कि परियोजना के जरिए जनता को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ बुंदेलखंड में विकास की नई संभावनाएं तैयार होंगी। बाइट — डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।