राजनीति

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने किया निर्माण कार्य का शुभारम्भ I

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 13 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने किया निर्माण कार्य का शुभारम्भ I

दिल्ली - मुंबई एक्सप्रेस वे पर उजीना गांव में एंट्री व एग्जिट कट को लेकर पिछले कई सालों से चली आ रही मांग अब पूरी हो गई है। केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम लोकसभा सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने एंट्री एवं एग्जिट कट के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया है। इस निर्माण कार्य पर तकरीबन 13 करोड रुपए की लागत आएगी।

खास बात यह है कि उजीना में दोनों तरफ से दिल्ली - मुंबई एक्सप्रेस वे पर कट मिलने से न केवल जमीनों के भाव में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है तो अब कई बड़े उद्योग धंधे भी यहां पर स्थापित हो सकते हैं। न केवल कट मिलने से किसानों की बल्ले - बल्ले होगी बल्कि इलाके के पढ़े - लिखे बेरोजगार युवाओं को भी रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे।

गौरतलब है कि दिल्ली - मुंबई एक्सप्रेस वे देश के महत्वपूर्ण मार्गो में से एक है। इस मार्ग पर दिल्ली की तरफ से आते समय उजीना गांव के समीप उतारने के लिए कट नहीं दिया गया था। सिर्फ चढ़ने के लिए कट दिया गया था। इससे लोगों को समय व धन की बर्बादी हो रही थी और साथ ही कई बार सड़क हादसे भी सामने आ रहे थे।

इलाके के लोगों ने लंबे समय से दोनों तरफ से कट देने की मांग सड़क से लेकर संसद तक उठाई तब कहीं जाकर कई वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद केंद्र सरकार ने इलाके के लोगों की इस मांग पर अमलीजामा पहना दिया है। केंद्रीय मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

आने वाले कुछ महीनों में ही अब उजीना गांव में एंट्री व एग्जिट दोनों कट लोगों को मिलेंगे। इससे न केवल समय व धन की बचत होगी बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आने से इनकार नहीं किया जा सकता। सबसे खास बात यह है कि अब इलाके में एनसीआर में सबसे सस्ती जमीन होने के चलते उद्योग जगत से जुड़े लोगों की नजर भी इस इलाके पर पड़ेगी और यहां बड़े - बड़े उद्योग धंधे लगेंगे।

जिसमें इलाके के पढ़े - लिखे बेरोजगार युवाओं को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, उपायुक्त अखिल पिलानी नूँह एवं भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष नूँह सुरेंद्र सिंह पिंटू ने कहा कि इससे इलाके के लोगों को बड़ा लाभ होगा। न केवल उद्योग धंधे लगेंगे बल्कि सड़क हादसों में भी कमी आएगी और जमीनों के दामों में भी उछाल होगा।

भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू ने कहा कि हमारी सरकार ने इलाके के लोगों की इस मांग पर मोहर लगा दी है। उन्होंने यह भी कहा कि नगीना - पुनहाना मार्ग पर मरोड़ा गांव में कट दिलाने के लिए भी अब मजबूती से मांग रखी जाएगी। राज्य व केंद्र सरकार से मरोड़ा गांव में भी कट देने की पुरजोर वकालत की जाएगी।

जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह पिंटू ने कहा कि उस इलाके में कट मिलने से पिनगवां, पुनहाना, नगीना सहित कई शहर व क़स्बा में उद्योग धंधे लगने के साथ - साथ जमीनों के भावों में काफी उछाल आएगा। उन्हें उम्मीद ही नहीं बल्कि पूरा भरोसा है कि उनकी सरकार मरोड़ा में भी इलाके के लोगों की मांग को देखते हुए कट देने का काम करेगी।

बाइट :- राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय मंत्री एवं सांसद गुरुग्राम

बाइट :- अखिल पिलानी डीसी नूँह

बाइट :- सुरेंद्र सिंह पिंटू, जिलाध्यक्ष भाजपा नूँह

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।