राज्य

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया आज शिवपुरी में करेंगें 7 वें डाक प्रशिक्षण केन्द्र का भूमिपूजन और अत्याधुनिक डाकघर का लोकार्पण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया आज शिवपुरी में करेंगें 7 वें डाक प्रशिक्षण केन्द्र का भूमिपूजन और अत्याधुनिक डाकघर का लोकार्पण

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्री सिंधिया पूर्वाह्न 11 बजे सरकार की डाकघर आधुनिकीकरण पहल के अंतर्गत अत्याधुनिक प्रधान डाकघर शिवपुरी का लोकार्पण करेंगे। इस डाकघर का डाकघर आधुनिकीकरण योजना के तहत स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर नई दिल्ली के डिजाइन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कायाकल्प किया गया है।

ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को सजोते हुए निर्मित इस डाकघर में जन सेवा कनेक्ट (बहुउद्देशीय नागरिक सुविधा केंद्र) की व्यवस्था की गई है, जहां नागरिकों को स्पीड पोस्ट, बचत बैंक, डाक जीवन बीमा, आधार, पार्सल एवं वित्तीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

इसमें दिव्यांगजनों के लिए बाधामुक्त पहुँच, सुव्यवस्थित सर्विस जोन्स तथा आरामदायक प्रतीक्षा हॉल की सुविधा प्रदान की गई है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया शिवपुरी के ककरवाया क्षेत्र (लॉ कॉलेज के पास) में 85 करोड़ रुपये की लागत से बनने जा रहे देश के सातवें डाक प्रशिक्षण केंद्र का भूमि पूजन करेंगे।

इस राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र में मध्य प्रदेश के साथ-साथ आसपास के अन्य राज्यों के डाक विभाग कर्मचारियों को भी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रमों के पश्चात केंद्रीय मंत्री ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगे।

वहीं केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कल मंगलवार को शिवपुरी प्रवास के दौरान कोलारस विधानसभा को विकास की ₹2.88 करोड़ की सौगात देते हुए बिजरौनी बाईपास रोड के ₹1 करोड़ एवं दौलतपुर-साईखेड़ा रोड के ₹1.88 करोड़ की लागत से होने वाले निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी। कोलारस के विकास का यह सिलसिला निरंतर जारी रहेगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।