देश

केंद्रीय विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में एआई आधारित सेवाओं के संभावित उपयोग पर हुई चर्चा

लेखक: AIR Shimla अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

सीयू में विश्वविद्यालय पुस्तकालय सलाहकार समिति की बैठक

अगस्त 17, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला में विश्वविद्यालय पुस्तकालय सलाहकार समिति की बैठक में विश्वविद्यालय पुस्तकालय से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल की अध्यक्षता में आयोजित उक्त बैठक में विश्वविद्यालय के बढ़ते शोध आउटपुट, नवाचार एवं अकादमिक गतिविधियों में पुस्तकालय की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की तथा शोधार्थियों एवं संकाय सदस्यों को बेहतर संसाधन, डिजिटल सामग्री एवं सूचना सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उक्त बैठक के दौरान समिति सदस्यों ने पुस्तकालय में एआई आधारित सेवाओं के संभावित उपयोग तथा शोध एवं नैतिकता से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। वहीं पुस्तकालय को नए देहरा परिसर में स्थानांतरित करने के हेतु भी विस्तार से चर्चा की गई। वहीं विश्वविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. विक्रम शर्मा ने कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल, विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय टीम गुणवत्तापूर्ण पुस्तकालय एवं सूचना सेवाएं प्रदान करने तथा विश्वविद्यालय की शोध एवं अकादमिक गतिविधियों को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। वहीं उक्त बैठक के प्रमुख एजेंडे में देहरा स्थित विश्वविद्यालय के नवनिर्मित स्थायी परिसर में केंद्रीय पुस्तकालय की स्थापना, वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए प्रिंट एवं डिजिटल संसाधनों की खरीद, वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट आवंटन, पुस्तकालय एवं सूचना सेवाओं में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग, शोध एवं नैतिकता संबंधी नीतियों तथा पुस्तकालय में स्टाफ की व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। कुलपति प्रो. बंसल ने शोध आधारित विश्वविद्यालय के निर्माण में आधुनिक, गतिशील एवं प्रभावी पुस्तकालय एवं सूचना सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय के शोध, नवाचार एवं अकादमिक वातावरण को सुदृढ़ करने के लिए पुस्तकालय टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। समिति सदस्य प्रो. रोशन लाल शर्मा, निदेशक अनुसन्धान प्रो प्रदीप नायर, अधिष्ठाता प्रो. दीपांकर शर्मा एवं अन्य सदस्यों ने इस विषय पर पुस्तकालय द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रसंशा की । वहीं कुलपति ने कहा कि लगभग तीन वर्षों में पुस्तकालय एवं इससे सम्बंधित सेवाओं में कायापलट करने वाला बदलाव आया है । इस उपलब्धि के लिए उन्होंने पुस्तकालय टीम को शुभकामनाएं दीं एवं इस दिशा में और प्रगति के लिए प्रोत्साहित किया । इसके पश्चात विभिन्न विभागों से प्राप्त सुझावों पर चर्चा की गई। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय ने सूचना एवं पुस्तकालय नेटवर्क केंद्र (INFLIBNET) के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) के माध्यम से शोध एवं अकादमिक सेवाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलों को अपनाया है। विश्वविद्यालय के शोधार्थी एवं शोध-पर्यवेक्षक शोधचक्र पहल से जुड़े हुए हैं। शोधचक्र शोधार्थी, शोध-निर्देशक/पर्यवेक्षक तथा विश्वविद्यालय को शोधार्थी की संपूर्ण शोध-प्रक्रिया के प्रबंधन के लिए एक विशिष्ट मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर के शोध संसाधनों तक व्यापक एवं सुगम पहुँच से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को नवीनतम ज्ञान से जुड़ने, गुणवत्तापूर्ण शोध करने तथा अपने शोध को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायता मिलेगी। ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ निश्चित रूप से ज्ञान-आधारित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विश्वविद्यालय के शोध प्रकाशनों में पिछले वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2011 में शोध प्रकाशनों की संख्या 6 थी, जो वर्ष 2021 में 118, वर्ष 2022 में 163, वर्ष 2023 में 223, वर्ष 2024 में 356 तथा वर्ष 2025 में बढ़कर 421 तक पहुंच गई। अब कुल सार्वजनिक संख्या 1992 है । विश्वविद्यालय का H-Index 76 तक पहुंचना शोध की गुणवत्ता एवं प्रभाव में निरंतर हो रही प्रगति को दर्शाता है।

A
AIR Shimla

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।