राज्य

केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीनों कैंपस में स्वच्छता अभियान के तहत 28 कार्यक्रम आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीनों कैंपस में स्वच्छता अभियान के तहत 28 कार्यक्रम आयोजित

कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने दिया स्वच्छता का संदेश, विद्यार्थियों से 10-10 लोगों को जागरूक करने का आह्वान

अक्तूबर 28, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत 28 अक्तूबर को केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीनों कैंपस में करीब 28 कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज को स्वच्छता का संदेश देने का संकल्प लिया।

केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन पहले 17 सितंबर से अक्तूबर के मध्य तक निर्धारित था, जिसे बाद में बढ़ाकर 31 अक्तूबर तक कर दिया गया। इस अभियान के तहत विश्वविद्यालय के गोद लिए गए गांवों और स्कूलों में वाद-विवाद तथा भाषण प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की गई है, जिसे शिक्षा मंत्रालय को भेजा जाएगा। कुलपति ने कहा कि स्वच्छता अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिरीक्षण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि बाहरी वातावरण की सफाई के साथ-साथ विचारों और मन की स्वच्छता भी जरूरी है।

बाहरी और आंतरिक स्वच्छता के समन्वय से ही समाज में वास्तविक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के लिए कम से कम पांच संकल्प निर्धारित किए हैं। इसके तहत करीब एक हजार विद्यार्थियों से आह्वान किया गया है कि वे कम से कम 10 अन्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।

इस पहल से 10 हजार लोगों तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने और आगे इसे एक जनअभियान के रूप में विस्तार देने का लक्ष्य रखा गया है। प्रो. बंसल ने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। विद्यार्थियों को अपने घर, आसपास के क्षेत्र और स्कूल-कॉलेज आते-जाते रास्तों पर भी स्वच्छता का संदेश देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही बेहतर स्वास्थ्य और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। इस अवसर पर धर्मशाला नगर निगम के स्वास्थ्य कर्मियों को स्वच्छता किट भी वितरित की गईं। कुलपति ने स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में काम करने वाले ये कर्मी समाज के सच्चे राजदूत हैं।

उनके प्रयासों से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।