विदेश

Kenya के सांबुरु में Helicopter Crash से 7 की मौत, राहत बचाव कार्य जारी

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 20 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
Kenya के सांबुरु में Helicopter Crash से 7 की मौत, राहत बचाव कार्य जारी

उत्तरी केन्या के एक सुदूर इलाके में बुधवार सुबह एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, हेलीकॉप्टर सुबह नौ बजकर 13 मिनट पर लोईसाबा संरक्षण क्षेत्र से सांबुरु काउंटी के इवासो नीरो क्षेत्र की ओर उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्राधिकरण ने एक बयान में बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत सात लोग सवार थे। हादसे की जांच की जा रही है।

सांबुरु के पुलिस कमांडर डेविड नकोरोई ने बुधवार देर रात पत्रकारों को बताया कि हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, हेलीकॉप्टर देश के लोकप्रिय पर्यटन स्थल माउंट ओलोलोकवे की तलहटी के एक दुर्गम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

स्थानीय कंपनी ‘लेडी लोरी हेलीकॉप्टर्स’ का हेलीकॉप्टर यात्रा कंपनी ‘बियॉन्ड’ के मेहमानों को लेकर जा रहा था। स्थानीय सफारी संचालक ‘ट्रॉपिक एयर केन्या’ ने बताया कि उसने खोज एवं बचाव अभियान में सहायता के लिए अपने दो हेलीकॉप्टर भेजे हैं। उड्डयन प्राधिकरण ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर यूरोकॉप्टर ईसी130 बी4 था।

केन्या रेड क्रॉस ने कहा कि उसकी आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें ‘‘विभिन्न एजेंसी द्वारा चलाए जा रहे अभियान में शामिल हैं और बचाव दल दुर्घटनास्थल तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।’’ फरवरी में पश्चिमी केन्या के एक पहाड़ी इलाके में एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से छह लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में एक सांसद भी शामिल था।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।