खाद्य विभाग को छापेमारी के दौरान मिला कुंतलों नकली खोया:हटिया, एक्सप्रेस रोड और फजलगंज में छापेमारी, 19 नमूने लिए-450 किलो खोया नष्ट कराया
रक्षाबंधन से पहले बाजार में नकली खोया की भरमार है, खाद्य विभाग की एक्सप्रेस रोड, हटिया खोया मंडी और फजलगंज में छापेमारी के दौरान भगदड़ मच गई। मिलावटी खोया बेच रहे कई दुकानदार भाग निकले तो कइयों के पास जांच में बदबूदार, नकली और मिलावटी खोया मिला।
टीम ने 19 किलो खोया का सैंपल जांच के लिए लिया और करीब 450 किलो बदबूदार खोया नष्ट कराया गया। हटिया में मिला बदबूदार 450 किलो खोया नष्ट कराया असिस्टेंट कमिश्नर फूड कानपुर संजय प्रताप सिंह ने बताया कि डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर शनिवार को मिलावटी खोया बेचने वालों के खिलाफ एक्शन लिया गया।
टीम ने सबसे पहले हटिया खोया मंडी में छापेमारी की। इस दौरान जांच के दौरान बिक्री के लिए रखा करीब 450 किलो खोया दूषित और बदबूदार पाया गया। खाद्य कारोबारी की सहमति के बाद टीम ने खोया मौके से हटवाया। इसके बाद बाबूपुरवा स्थित नगर निगम के यार्ड में ले जाकर उसका विनष्टीकरण कराया गया।
इसके बाद टीम ने एक्सप्रेस रोड स्थित प्रेम खोया भंडार छापेमारी की। इस दौरान एक्सप्रेस रोड पर व्यापारियों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद एक के बाद एक व्यापारी दुकान बंद करके हंगामा शुरू कर दिया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जांच प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी।
अधिकारियों ने खाद्य सुरक्षा मानकों और जांच की प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके बाद प्रतिष्ठान का निरीक्षण कर नियमानुसार नमूने लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान खोया और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। इसे देखते हुए मिलावट और दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।
अभियान में लिए गए 19 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट में मानक विपरीत पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों तक जांच अभियान जारी रहेगा।
ये अधिकारी रहे शामिल असिस्टेंट कमिश्नर फूड कानपुर संजय प्रताप सिंह के साथ ही टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) कानपुर मंडल सुनील शर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार, संजय सिंह, पल्लवी शर्मा और आकांक्षा जायसवाल समेत राज्य सचल दल, जनपदीय व अंतर्जनपदीय टीमों के खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।
📡 स्रोत: NewsData.io