खंड वर्षा: 4 तहसील में 5.8 मिमी बरसे बादल

भास्कर न्यूज | बालोद मानसूनी चक्रवात कमजोर होने की वजह से गुरुवार को जिले में खंड वर्षा की स्थिति बनी। जिले के 7 मंे से 4 तहसील में 5.8 मिमी बारिश हुई। जबकि तीन तहसील में सूखे के हालात रहे। अधिकांश समय तक बादल छाए रहे।
मौसम विभाग व भू-अभिलेख शाखा के अनुसार बालोद तहसील में 0.3 मिमी, गुरूर में 0.7 मिमी, डौंडी में 3.7 मिमी, डौंडीलोहारा में 0.6 मिमी पानी गिरा। जबकि गुंडरदेही, अर्जुंदा, मार्रीबंगला देवरी तहसील में बादल छाए रहे। पिछले एक सप्ताह से मौसम विभाग अच्छी बारिश होने का अनुमान लगा रही है लेकिन जिले में स्थिति विपरीत है।
आज भी हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश और उसके आसपास स्थित है तथा इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से 29 अगस्त को इसी स्थान पर एक निम्न दाब के क्षेत्र बनाने की संभावना है।
📡 स्रोत: NewsData.io