खंडवा- एकात्म धाम में पंचायतन मंदिर का शिलान्यास, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रखी आधारशिला

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पंचायतन मंदिर भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित समन्वय और एकात्मता के दर्शन को साकार करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान वैदिक रीति-रिवाजों के साथ शिला पूजन किया गया।
संतों, धर्माचार्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी मंदिर निर्माण के शुभारंभ में सहभागिता की। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।
प्राचीन पंचायतन शैली में निर्मित होने वाले इस मंदिर के केंद्र में भगवान शिव का मुख्य देवालय होगा, जबकि चारों दिशाओं में भगवान विष्णु, सूर्यदेव, भगवान गणेश और भगवती शक्ति के मंदिर स्थापित किए जाएंगे। मंदिर का निर्माण पारंपरिक नागर स्थापत्य शैली में किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा विकसित किए जा रहे एकात्म धाम में पहले से 108 फीट ऊंची ‘एकात्मता की मूर्ति’ स्थापित है। वहीं अद्वैत लोक संग्रहालय सहित कई अन्य परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।