राज्य

खंडवा में नर्मदा पर ब्रिज बनकर तैयार, डामरीकरण बाकी:NHAI का दावा- दिवाली तक पूरा कंप्लीट होगा; उत्तर से दक्षिण की राह आसान होगी

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 16 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
खंडवा में नर्मदा पर ब्रिज बनकर तैयार, डामरीकरण बाकी:NHAI का दावा- दिवाली तक पूरा कंप्लीट होगा; उत्तर से दक्षिण की राह आसान होगी

इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट के तहत खंडवा के मोरटक्का गांव में नर्मदा नदी पर बन रहा सिक्सलेन ओवरब्रिज अब लगभग तैयार हो गया है। ब्रिज का सीमेंट-कांक्रीट का काम इसी महीने पूरा कर लिया गया है। अब सिर्फ डामरीकरण का काम बाकी है। बारिश के के बाद डामरीकरण होना हैं। NHAI का दावा है कि, कनेक्टिंग हाईवे समेत ब्रिज का पूरा काम दिवाली तक कंप्लीट हो जाएगा। NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशीष बिरला ने बताया कि, नर्मदा पर सिक्सलेन ओवरब्रिज का सीसीकरण पूरा हो चुका है। फिलहाल ब्रिज से छोटे वाहन निकल रहे हैं। बारिश के कारण डामरीकरण नहीं किया जा सकता, इसलिए मौसम खुलने का इंतजार है। उनका कहना है कि, बारिश थमने के बाद काम में तेजी लाई जाएगी और डामरीकरण व कनेक्टिंग हाईवे का निर्माण पूरा किया जाएगा। दो अलग-अलग 3-लेन पुल, कुल छह लेन की नई क्रॉसिंग मोरटक्का में नर्मदा पर बन रहा यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक पुल नहीं है। यहां दो अलग-अलग 3-लेन पुल बनाए जा रहे हैं। दोनों मिलकर नर्मदा पर कुल छह लेन की नई क्रॉसिंग तैयार करेंगे। एक पुल पर एक दिशा का और दूसरे पर विपरीत दिशा का ट्रैफिक चलेगा। इससे मौजूदा पुराने मोरटक्का पुल पर वाहनों का दबाव काफी कम होगा। NHAI से जुड़े प्रोजेक्ट के अनुसार नया ब्रिज नदी तल से करीब 30 मीटर यानी 100 फीट से अधिक ऊंचाई पर है। नर्मदा के बीच पियर बनाने का काम सबसे चुनौतीपूर्ण रहा। खासकर नदी के बीच P-14 से P-17 पियर तैयार करने में तेज जलप्रवाह के कारण परेशानी आई थी। इसके लिए अस्थायी कॉफरडैम बनाकर निर्माण किया गया। अप्रैल 2025 में ओंकारेश्वर बांध से नियंत्रित पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर कम हुआ और नदी के बीच काम को गति दी गई। धनगांव से बलवाड़ा तक भी काम आखिरी दौर में नर्मदा ब्रिज तैयार होने के साथ ही इसे जोड़ने वाले हाईवे का काम भी तेजी से चल रहा है। धनगांव से बलवाड़ा के बीच जहां-जहां फ्लाईओवर और अन्य स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं, वहां निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। ब्रिज से वाहनों को सीधे हाईवे से जोड़ने के लिए कनेक्टिंग रोड का काम भी जारी है। NHAI के अधिकारियों के अनुसार, बारिश के कारण फिलहाल कुछ काम प्रभावित हो रहे हैं। मौसम सामान्य होते ही अलग-अलग हिस्सों में निर्माण की रफ्तार बढ़ाई जाएगी। लक्ष्य है कि अगले दो महीने में डामरीकरण सहित कनेक्टिंग हाईवे का काम पूरा कर लिया जाए। हाईटेंशन टावर बने अड़चन, जमीन अधिग्रहण बाकी हालांकि, पूरे हाईवे को निर्बाध रूप से चालू करने में अभी एक बड़ी अड़चन बाकी है। फोरलेन हाईवे के प्रस्तावित मार्ग में बिजली कंपनी के हाईटेंशन टावर आ रहे हैं। इन टावरों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए संबंधित किसानों से आखिरी दौर की बातचीत चल रही है। जमीन अधिग्रहण होते ही हाईटेंशन टावर शिफ्ट किए जाएंगे। इसके बाद हाईवे का यह हिस्सा भी पूरी तरह क्लियर हो सकेगा। यानी नर्मदा ब्रिज का मुख्य निर्माण पूरा होने के बावजूद पूरे कॉरिडोर को निर्बाध रूप से चालू करने के लिए यह काम अहम है। पुराने मोरटक्का पुल पर कम होगा दबाव मोरटक्का का मौजूदा पुल लंबे समय से इंदौर-खंडवा मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। पुल संकरा होने के कारण यहां भारी ट्रैफिक के समय दबाव बढ़ जाता है। बारिश और नर्मदा का जलस्तर बढ़ने पर स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है। कई बार बाढ़ की स्थिति में पुल पर यातायात रोकना भी पड़ा है। नया सिक्सलेन ब्रिज शुरू होने के बाद इंदौर से खंडवा, बुरहानपुर और आगे महाराष्ट्र की ओर जाने वाले वाहनों को बेहतर और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी। खासकर उत्तर भारत से निमाड़ और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यातायात के लिए यह कॉरिडोर महत्वपूर्ण होगा। उत्तर से दक्षिण तक कनेक्टिविटी का बड़ा फायदा मोरटक्का का नया ब्रिज इंदौर-खंडवा कनेक्टिविटी के साथ-साथ पूरे निमाड़ के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इंदौर की ओर से आने वाला ट्रैफिक खंडवा, बुरहानपुर और महाराष्ट्र की तरफ आसानी से आगे बढ़ सकेगा। वहीं दक्षिण भारत से आने वाले वाहनों को इंदौर और आगे उत्तर भारत की ओर जाने में सुविधा होगी। NHAI के अनुसार, अब प्रोजेक्ट का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा निर्माण के अंतिम चरण में है। बारिश के बाद डामरीकरण और कनेक्टिंग रोड का काम तेज किया जाएगा। यदि तय समय के अनुसार काम पूरा हुआ तो दिवाली तक मोरटक्का का नया नर्मदा ब्रिज भारी वाहनों के लिए भी खुल सकता है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।