खंडवा- श्रावण का अंतिम सोमवार आज, निकलेगी भगवान ओंकारेश्वर और भगवान ममलेश्वर की महासवारी
इस अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के ओंकारेश्वर पहुंचने की संभावना है। मंदिर परिसर और संपूर्ण तीर्थ नगरी को विशेष रूप से सजाया गया है तथा धार्मिक आयोजनों को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। महासवारी दोपहर लगभग 2 बजे श्री ओंकारेश्वर मंदिर से प्रारंभ होगी।
भगवान ओंकारजी की सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कोटितीर्थ घाट पहुंचेगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का विशेष महाअभिषेक और पूजन-अर्चन किया जाएगा। महाआरती के पश्चात बाबा ओंकारजी नर्मदा नदी के जलमार्ग से नौका विहार करते हुए गोमुख घाट पहुंचेंगे।
गोमुख घाट पर भगवान ममलेश्वर महादेव की सवारी के साथ भव्य मिलन होगा। इसके बाद दोनों स्वरूपों की सवारियां नगर भ्रमण पर निकलेंगी। श्रद्धालुओं के स्वागत और धार्मिक उत्साह को और अधिक भव्य बनाने के लिए हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। यह दृश्य महासवारी का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
श्रावण मास के अंतिम सोमवार के महत्व को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस, प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
धार्मिक मान्यता है कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार को भगवान ओंकारेश्वर के दर्शन, पूजन और महासवारी में शामिल होने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु ओंकारेश्वर पहुंच रहे हैं।
पूरे तीर्थ क्षेत्र में शिवभक्ति के जयघोष और भजनों से भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया है।