राज्य

खरगोन में 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ा

लेखक: DD Bhopal अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
खरगोन में 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ा

खरगोन में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, कब्र से शव निकालकर कराया पोस्टमार्टम

मध्यप्रदेश के खरगोन में 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम शव दफनाए जाने और मायके पक्ष द्वारा पति पर गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस-प्रशासन ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम कराया।

मृतका की पहचान नीलोफर, पत्नी नईम, के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक नीलोफर ने कथित तौर पर एसिड पी लिया था 15 अगस्त को उपचार के लिए इंदौर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बिना पोस्टमार्टम के दफना दिया गया।

मायके पक्ष ने नीलोफर की मौत पर सवाल उठाते हुए उसके पति नईम पर मारपीट और लगातार प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि नीलोफर के शरीर पर कई जगह सिगरेट से दागने के निशान भी थे। उन्होंने आशंका जताई है कि महिला की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई।

शिकायत के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। रविवार को तहसीलदार, कोतवाली थाना प्रभारी बीएल मंडलौई और परिजनों की मौजूदगी में कब्रिस्तान में कब्र खुदवाकर शव बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को जिला अस्पताल के पीएम रूम पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया।

मृतका के मामा शेख मोहसीन मंसूरी महाराष्ट्र के शहादा से खरगोन पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि नईम उनकी भांजी को लगातार प्रताड़ित और उसके साथ मारपीट करता था। उन्होंने नीलोफर की मौत के लिए नईम को जिम्मेदार बताते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की।

मामा ने यह भी आरोप लगाया कि बिना पोस्टमार्टम शव दफनाना मौत से जुड़े साक्ष्य छिपाने की कोशिश हो सकती है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सबसे अहम सवाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर है कि नीलोफर की मौत वास्तव में एसिड पीने के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

D
DD Bhopal

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।