अपराध

खरगोन में एसिड पीने के बाद महिला की मौत: मायका पक्ष के आरोपों के बाद कब्र से निकाला शव, पोस्टमार्टम शुरू

लेखक: Shahrukh Khan अंतिम अपडेट: 17 अगस्त 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
खरगोन में एसिड पीने के बाद महिला की मौत: मायका पक्ष के आरोपों के बाद कब्र से निकाला शव, पोस्टमार्टम शुरू

खरगोन में 29 वर्षीय नीलोफर की एसिड पीने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायका पक्ष की शिकायत के बाद रविवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में मोतीपुरा कब्रिस्तान से शव बाहर निकाला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

मायका पक्ष ने नीलोफर के पति पर प्रताड़ना और मारपीट के आरोप लगाए हैं। नीलोफर के मामा शेख मोहसिन मंजूर का दावा है कि उसके शरीर पर सिगरेट से दागने के निशान थे और वह पिछले कुछ दिनों से प्रताड़ना की बात परिवार को बता रही थी।

परिजनों ने लगाए आरोप

परिजनों के मुताबिक, 15 अगस्त को एसिड पीने के बाद नीलोफर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे इंदौर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई। गंभीर हालत के कारण उसके बयान दर्ज नहीं हो सके।

परिवार ने पोस्टमार्टम की मांग को लेकर पुलिस में शिकायत की। इसके बाद तहसीलदार के निर्देश पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

कोतवाली थाना निरीक्षक राजेंद्र आवासीय के अनुसार, मायका पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने नीलोफर के निकाह को लेकर भी आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि पति की पहले से शादी थी और कथित तौर पर गलत दस्तावेज दिखाकर निकाह किया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

फिलहाल मौत की असली वजह और लगाए गए आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

S
Shahrukh Khan

शाहरुख खान — खरगोन संवाददाता शाहरुख खान वॉइस ऑफ क्रांति के लिए खरगोन जिले से स्थानीय और महत्वपूर्ण खबरें उपलब्ध कराते हैं। वे क्षेत्र की जनसमस्याओं, स्थानीय घटनाओं और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर करते है