खरगोन पुलिस ने अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 10 लाख की 17 बाइक बरामद

खरगोन की 10, इंदौर की 2 और महाराष्ट्र की 5 मोटरसाइकिलें शामिल; तीन आरोपी गिरफ्तार
खरगोन/झिरनिया। खरगोन पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से चोरी की गई कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार बरामद 17 मोटरसाइकिलों में खरगोन जिले की 10, इंदौर की 2 और महाराष्ट्र की 5 मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में चौकी हेलापड़ावा, चैनपुर (झिरन्या) की टीम द्वारा की गई।
एक आरोपी की गिरफ्तारी से खुली गिरोह की परतें
पुलिस के मुताबिक गिरोह के एक आरोपी बबलू उर्फ आनस को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद की गई थीं। पूछताछ में उसने अपने साथी इकरार के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करने की जानकारी पुलिस को दी। अनस की गिरफ्तारी के बाद आरोपी इकरार फरार हो गया था।
पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी और बाद में उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि अनस और इकरार मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उन्हें समीर को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने गिरोह से जुड़े तीसरे आरोपी समीर को भी गिरफ्तार किया।
चोरी के बाद ग्रामीणों के पास गिरवी रखते थे बाइक
पुलिस के अनुसार आरोपी मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद ग्रामीणों के पास मजबूरी का बहाना बनाकर बाइक गिरवी रखते थे और उसके बदले पैसे लेते थे। इस तरीके से चोरी की मोटरसाइकिलों को ठिकाने लगाने और रकम हासिल करने का काम किया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 17 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
इन वाहनों में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र दोनों राज्यों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- बबलू उर्फ आनस पिता मुबारक शेख, उम्र 22 वर्ष, निवासी जिलानी नगर, खरगोन
- इकरार उर्फ विकरार उर्फ नेरी पिता हयात खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी गोपाल पुरा, खरगोन
- समीर पिता मोहम्मद शेख, उम्र 23 वर्ष, निवासी रावेर, जिला जलगांव
बरामद मोटरसाइकिलें
पुलिस द्वारा बरामद वाहनों में विभिन्न कंपनियों और मॉडलों की कुल 17 मोटरसाइकिलें शामिल हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस, हीरो एचएफ डीलक्स, बजाज पल्सर, टीवीएस स्टार सिटी 110, होंडा सीबी शाइन, टीवीएस अपाचे सहित अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं।
बरामद वाहनों में दर्ज नंबरों में MH 19 DT 6634, MP 10 NC 2591, MH 19 DP 4013, MP 09 SE 6481, MP 10 ZE 4385, MP 10 ZF 1196, MH 19 BZ 2687, MP 09 QK 7492, MP 10 N 2254, MP 10 ND 0338, MP 10 MQ 2583, MP 10 NG 3667, MH 19 DK 4460, MP 10 NB 3329, MH 20 FA 9276 और MP 10 MX 2686 शामिल हैं।
इसके अलावा एक बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस भी बरामद की गई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
यह कार्रवाई एसडीओपी भीकनगांव श्री केतन अडलक के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी चैनपुर श्री गणपत कनेल के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में चौकी प्रभारी हेलापड़ावा सउनि नंदकिशोर राय, प्रआर लोकेश वासकले, आरक्षक धर्मेन्द्र यादव, आरक्षक राहुल अपाटकर, आरक्षक जितेंद्र तथा साइबर सेल से आरक्षक 275 अभिलाष डोंगरे एवं सोनू वर्मा का विशेष योगदान रहा।
खरगोन पुलिस की इस कार्रवाई में न केवल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई, बल्कि अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 17 मोटरसाइकिलों की बरामदगी भी हुई है। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में संबंधित मामलों और उनके वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटाने की दिशा में आगे की कार्रवाई कर रही है।