खरीफ 2026 में चंबा के 8,161 किसानों की फसलों का बीमा: डॉ. भूपेंद्र सिंह
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
प्राकृतिक आपदाओं से फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को मिलेगा बीमा कवर
अक्तूबर 09, चंबा (हिमाचल प्रदेश): प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिला चंबा में खरीफ 2026 मौसम के दौरान कुल 8,161 किसानों की फसलों का बीमा किया गया है। यह जानकारी कृषि उपनिदेशक चंबा डॉ. भूपेंद्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 8,104 तथा मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत 57 किसान शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत जिले में मक्का और धान की फसलों का बीमा किया गया है। इसके तहत 8,104 किसानों की 865.94 हेक्टेयर भूमि को बीमा सुरक्षा प्रदान की गई है। इनमें 8,073 ऋणी तथा 31 गैर-ऋणी किसान शामिल हैं। इस योजना के अंतर्गत कुल 508.44 लाख रुपये की बीमाकृत राशि निर्धारित की गई है।
इसमें किसानों द्वारा 10.17 लाख रुपये, राज्य सरकार द्वारा 6.60 लाख रुपये तथा भारत सरकार द्वारा 59.43 लाख रुपये का प्रीमियम अंशदान दिया गया है। इसी प्रकार, मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत 57 किसानों की 56.67 हेक्टेयर भूमि पर उगाई गई फसलों का बीमा किया गया है। इस योजना के तहत कुल 116.77 लाख रुपये की बीमाकृत राशि निर्धारित की गई है।
इसमें किसानों का प्रीमियम अंशदान 5.84 लाख रुपये, राज्य सरकार का 2.04 लाख रुपये तथा भारत सरकार का 8.33 लाख रुपये है। डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए क्षेमा जनरल इंश्योरेंस और एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी को अधिकृत किया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल बीमा योजनाओं का लाभ उठाएं। बीमा करवाने के लिए किसान संबंधित बैंक, जन सेवा केंद्र अथवा कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए पहचान पत्र, बैंक पासबुक, जमाबंदी सहित भूमि संबंधी दस्तावेज तथा अन्य निर्धारित कागजात आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि फसल बीमा से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि उपनिदेशक कार्यालय चंबा अथवा संबंधित बीमा कंपनियों के जिला प्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं।
एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रतिनिधि मुकेश कुमार (मोबाइल: 98166-27278) तथा क्षेमा जनरल इंश्योरेंस कंपनी के जिला प्रतिनिधि मदन कुमार (मोबाइल: 82194-38857) से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।