खेलकूद प्रतियोगिताओं की तिथियां तय न होने से आयोजक असमंजस में
जनगणना में शिक्षकों की ड्यूटी होने से टूर्नामेंट करवाना होगा मुश्किल
अगस्त 22, शिमला (हिमाचल प्रदेश): मशोबरा शिक्षा खंड की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पीरन को चुना गया है, लेकिन प्रतियोगिता की तिथि निर्धारित न होने के कारण आयोजकों और संबंधित स्कूलों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार शिमला जिला में खंड स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताएं आगामी 27 से 30 अगस्त तक प्रस्तावित हैं, लेकिन अभी तक शिक्षा विभाग की ओर से इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की गई है। जानकारी के अनुसार पहली सितंबर से शारीरिक शिक्षकों सहित अन्य शिक्षकों की जनगणना कार्य में ड्यूटी लगाई जानी है।
ऐसे में यदि खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन सितंबर में किया जाता है तो आयोजकों को पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बताया जा रहा है कि अधिकांश शिक्षक पहली सितंबर से 5 अक्तूबर तक जनगणना ड्यूटी पर रहेंगे।विभागीय सूत्रों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश स्कूल क्रीड़ा संघ की 11 अगस्त को बैठक होने के बावजूद प्रदेश में खेलकूद प्रतियोगिताओं की तिथियां अभी तक निर्धारित नहीं हो पाई हैं।
हालांकि ब्लॉक और जिला स्तर पर अंडर-14 तथा अंडर-19 वर्ग की प्रतियोगिताओं के लिए स्थान तय कर दिए गए हैं, लेकिन तिथियों के संबंध में आदेश जारी न होने से स्कूलों के सदस्य सचिवों के सामने तैयारियों को लेकर असमंजस बना हुआ है।
हिमाचल किसान सभा के राज्याध्यक्ष डॉ. कुलदीप तंवर ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर चिंता जताते हुए कहा कि जनगणना कार्य के दौरान खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करना विद्यार्थियों और आयोजकों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व की व्यवस्था के अनुसार खंड स्तर की खेल प्रतियोगिताएं मई या जून में तथा जिला स्तर की प्रतियोगिताएं अक्तूबर में आयोजित की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
डॉ. तंवर ने शिक्षा मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने तथा विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए खेल प्रतियोगिताओं की तिथियां शीघ्र निर्धारित करने का आग्रह किया है।