खेलो इंडिया संवाद में प्रधानमंत्री का संदेश- खेलों से बदलता है जीवन, बढ़ता है देश का गौरव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सरकार, इक्कीसवीं सदी के भारत के लिए आधुनिक खेल व्यवस्था तैयार करने को संकल्पित है। श्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आज राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘‘खेलो इंडिया संवाद’’ कार्यक्रम को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि खेल विश्वविद्यालयों से लेकर आधुनिक प्रशिक्षण केंद्रों तक, देशभर में ऐसा खेल-ढांचा विकसित किया जा रहा है, जिसमें खिलाड़ियों की प्रतिभा को हर स्तर पर निखारा जा सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेलों से जीवन बदलता है और देश का गौरव बढ़ता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने लालकिले की प्राचीर से पांच से पंद्रह वर्ष की आयु के बच्चों में खेल प्रतिभा खोजने के लिए बड़े प्रतिभा खोज अभियान की घोषणा की थी।
इस अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में मजबूत खेल व्यवस्था और बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए छत्तीस हजार करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भी युवाओं ने प्रधानमंत्री के भाषण को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सुना। प्रधानमंत्री का भाषण सुनने के लिए रायपुर के एम्स, एनआईटी और एमिटी विश्वविद्यालय के अलावा भिलाई आईआईटी और बीआईटी दुर्ग में भी विशेष इंतजाम किए गए थे।