खेल

खेलों से बढ़ता है अनुशासन, विकसित होती है नेतृत्व की क्षमता: चिंतामणि

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 17 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
खेलों से बढ़ता है अनुशासन, विकसित होती है नेतृत्व की क्षमता: चिंतामणि

भास्कर न्यूज | राजपुर कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, राजपुर के खेल मैदान में 16 सितंबर को "सरगुजा ओलंपिक 2026-27 खेल प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ अत्यधिक उत्साह और उमंग के साथ हुआ। स्वस्थ युवा, समृद्ध सरगुजा और खेलो सरगुजा, बढ़ो सरगुजा के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व वनांचल क्षेत्र की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है।

राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष सरगुजा ओलंपिक को लेकर युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा जा रहा है। पिछले वर्ष जहां लगभग 9,000 पंजीकरण हुए थे, वहीं इस बार यह संख्या 100% से अधिक की बढ़ोतरी के साथ 19,000 के आंकड़े को पार कर गई है। कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा की अध्यक्षता और अन्य जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और भाईचारे की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया' अभियान से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को निरंतर बढ़ावा दे रही है।

यह प्रतियोगिता विकासखंड स्तर से शुरू होकर जिला और संभाग स्तर तक आयोजित होगी, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय पटल पर पहचान बनाने का स्वर्णिम अवसर मिलेगा। सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ने के समान अवसर दे रही है।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष विनय भगत, उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि प्रवीण अग्रवाल, गौरी शंकर अग्रवाल, सीईओ संजय दुबे, तहसीलदार प्रतीक जायसवाल, बीईओ जतरुराम नागदेव सहित भारी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, स्कूली बच्चे और ग्रामीण मौजूद रहे।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।