खेत में घास साफ करने गए अधेड़ की मौत:सुल्तानपुर में बेहोशी की हालत में मिले थे, सांप के काटने की आशंका
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →सुल्तानपुर। चांदा कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर बनहरा गांव में शुक्रवार को खेत में घास साफ करने गए इंद्रदेव गौतम (48) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह खेत में बेहोशी की हालत में मिले थे। परिजन उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खेत में बेहोश पड़े मिले इंद्रदेव बनहरा गांव निवासी इंद्रदेव गौतम पुत्र स्वर्गीय कन्हैया लाल के बेटे आकाश ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे उनके पिता घर के पास स्थित खेत में घास साफ करने गए थे। इसी दौरान अज्ञात कारणों से वह खेत में बेहोश हो गए।
उनकी पत्नी बबीता ने उन्हें इस हालत में देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने 108 एंबुलेंस बुलाकर इंद्रदेव को सीएचसी प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के मुताबिक, उन्हें किसी जहरीले जंतु ने काटा था या बेहोश होने की कोई दूसरी वजह थी, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इंद्रदेव अपने पीछे पत्नी बबीता, तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं।
बड़े बेटे आकाश की शादी हो चुकी है, जबकि दो बेटों और बेटी की शादी अभी नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम प्रधान प्रदीप पांडेय, सुशील सिंह, महेंद्र पाल, संदीप मौर्य समेत कई ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और परिजनों की मदद की। मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
📡 स्रोत: NewsData.io