कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, रोज गिर रहे, ग्रामीणों में रोष

भास्कर संवाददाता | पथरिया क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बदहाल हैं। रास्ते खस्ताहाल हैं। आम लोगों के साथ छोटे स्कूली बच्चों को रोज परेशानी हो रही है। बच्चों को कीचड़ और दलदल से भरे रास्ते से गुजरकर स्कूल जाना पड़ रहा है। यह प्रमुख मार्ग लंबे समय से रखरखाव नहीं होने से पूरी तरह टूट चुका है।
थोड़ी बारिश में चलना दूभर हो जाता है। रास्ता गड्ढों और दलदल में बदल जाता है। फिसलन रहती है। छोटे बच्चे अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं। कई बार बस्ते और स्कूल यूनिफॉर्म तक कीचड़ में सन जाते हैं। इससे पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। स्वास्थ्य भी बिगड़ रहा है।
शिकायत के बाद भी ठोस कदम नहीं उठाया स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों से कई बार शिकायत की। जर्जर मार्ग के निर्माण को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों की उदासीनता से ग्रामीणों में रोष है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है। मुख्य मार्ग का निर्माण शुरू कराने की मांग की है। बच्चों का आवागमन सुरक्षित करने की मांग की है।
📡 स्रोत: NewsData.io