किसानों को अब सिंचाई के लिए दिन में भी मिलेगी बिजली: CM डॉ. यादव
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
श्योपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव एवं किसान मेले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा की। ग्वालियर एयरपोर्ट से कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध होगी, जिससे किसान दिन के समय अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने श्योपुर कृषि उपज मंडी परिसर में किसानों के लिए नवीन विश्राम गृह निर्माण के लिए 60 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और किसानों की सुविधा एवं आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
डॉ. यादव ने बताया कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण की सुविधा दी जा रही है। खरीफ और रबी फसलों के लिए ऋण चुकाने की अवधि भी बढ़ाकर एक वर्ष कर दी गई है। अब किसान जिस तारीख को ऋण लेगा, उसी तारीख से एक वर्ष के भीतर उसे ऋण चुकाने की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिक से अधिक दुग्ध सहकारी समितियों के गठन की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्योपुर धान और गेहूं के उत्पादन के साथ मोटे अनाज के उत्पादन में भी आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से संवाद भी किया। ग्राम राडेप के किसान मुकुट चौधरी ने बताया कि उन्हें पराली प्रबंधन के लिए कृषि यंत्र सब्सिडी के तहत सुपर सीडर पर 1 लाख 20 हजार रुपये का अनुदान मिला है।
बलराम कृषि महोत्सव में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन और एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई गईं। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक तकनीक, फसल प्रबंधन और खेती-किसानी से जुड़ी उपयोगी जानकारी दी।
कार्यक्रम में श्योपुर के प्रगतिशील किसानों और कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए बच्चों की शिक्षा पर जोर दिया और सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची रोकने तथा सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करने की अपील की। --- Key Points किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा श्योपुर मंडी में किसान विश्राम गृह के लिए 60 लाख रुपये
शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण की सुविधा ऋण चुकाने की अवधि बढ़ाकर एक वर्ष की गई पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर सुपर सीडर पर किसान को मिला 1.20 लाख रुपये का अनुदान प्रगतिशील किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान