किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण पर राज्य स्तरीय वेबिनार आयोजित, समय पर परामर्श पर जोर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्यप्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय वेबिनार आयोजित किया गया। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस वेबिनार का विषय ‘Adolescent Mental Health & Wellbeing’ रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मिशन संचालक डॉ.
सलोनी सिडाना ने की। वेबिनार में विषय विशेषज्ञों ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक बदलावों के साथ तनाव, चिंता और अन्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर जानकारी दी। साथ ही, समस्याओं की समय पर पहचान, उचित परामर्श और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के महत्व को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में किशोरों के लिए सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण विकसित करने पर जोर दिया गया। संबंधित विभागों, सहयोगी संस्थाओं, शिक्षकों और अन्य हितधारकों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान परामर्शदाताओं और किशोर-किशोरियों से संवाद भी किया गया। विद्यालय स्तर पर मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील वातावरण तैयार करने और जरूरतमंद किशोरों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से वेबिनार का सभी जिलों में यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में लगभग 900 प्रतिभागियों ने सीधे सहभागिता की, जबकि यूट्यूब चैनल के माध्यम से करीब 11 हजार 500 प्रतिभागी जुड़े।
----
- किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य पर राज्य स्तरीय वेबिनार आयोजित
- तनाव, चिंता और भावनात्मक बदलावों पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी
- मानसिक समस्याओं की समय पर पहचान और परामर्श पर जोर
- विद्यालयों में सुरक्षित और सहयोगपूर्ण वातावरण विकसित करने की अपील
- वेबिनार में 900 प्रतिभागियों की सीधी सहभागिता, यूट्यूब से जुड़े 11,500 लोग