कोलकाता के होटल में आग, 9 की मौत, 6 घायल:जान गंवाने वालों में बांग्लादेशी भी शामिल, इलाज कराने आए थे
कोलकाता के एक होटल में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई है। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। वहीं छह लोग घायल हैं। फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल ताइबा में आग लगने के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। इस दौरान पूरे होटल में धुआं फैल गया, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई। मृतकों में कुछ बांग्लादेशी भी हैं जो यहां इलाज कराने आए थे। पुलिस ने बताया कि आग लगने के बाद होटल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। होटल से 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। उन्हें कोलकाता के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृतकों में मेघालय और पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार के रहने वाले लोग भी शामिल हैं। आग लगने की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। 17 अगस्त: बीरभूम के होटल में आग से 9 की मौत, शॉर्ट सर्किट से हादसा पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
📡 स्रोत: Dainik Bhaskar