अपराध

कोलार पुलिस की नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई, दो मेडिकल स्टोर से 1,240 प्रतिबंधित दवाएं जब्त

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 29 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कोलार पुलिस की नशीली दवाओं के खिलाफ कार्रवाई, दो मेडिकल स्टोर से 1,240 प्रतिबंधित दवाएं जब्त

संदिग्ध से पूछताछ के बाद सामने आया दवाओं की बिक्री का मामला, ड्रग विभाग ने दोनों मेडिकल स्टोर सील किए

भोपाल। नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री के खिलाफ कोलार रोड पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के कब्जे से 214 टैबलेट तथा दो मेडिकल स्टोर से कुल 1,240 प्रतिबंधित दवाओं की टैबलेट और कैप्सूल जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद ड्रग विभाग ने दोनों मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है और जांच पूरी होने तक इनके क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी है।

पुलिस के अनुसार 29 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीमा कुंज स्थित एक चाय की दुकान पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मिथलेश लोधी को चेक किया। उसके पास SPASMO PROXYVON+ के दो कैप्सूल मिले। पूछताछ में उसने बताया कि वह इनका नशे के रूप में उपयोग करता है। मौके पर उसके साथ नितेश चौहान भी मौजूद था।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने प्रतिबंधित दवाएं नितेश चौहान के भाई संतोष सिंह चौहान से खरीदने की बात बताई। इसके बाद पुलिस टीम बंजारी फेस-1, कोलार रोड स्थित नितेश चौहान के घर पहुंची। पुलिस के अनुसार संतोष सिंह चौहान के कब्जे से दो अलग-अलग कंपनियों की कुल 214 प्रतिबंधित दवाएं मिलीं।

पूछताछ में संतोष चौहान ने पुलिस को बताया कि उसने ये दवाएं बरखेड़ी स्थित आयुष मेडिकल और अन्ना नगर स्थित राज मेडिकल स्टोर से खरीदी थीं। इसके बाद पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने दोनों मेडिकल स्टोर पर जांच की।

पुलिस के अनुसार बरखेड़ी स्थित आयुष मेडिकल से संचालक रामसेवक निरंजन के कब्जे से पांच अलग-अलग कंपनियों की कुल 696 प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गईं। इनमें SPASMO PROXYVON+ के 16 कैप्सूल, AVIL 25 की 315 टैबलेट, AVIL 50 की 85 टैबलेट, AVIL 50 की 150 टैबलेट तथा LOKACIAN TABLET PLUS की 130 टैबलेट शामिल हैं।

वहीं अन्ना नगर स्थित राज मेडिकल से संचालक राजकुमार परसोदिया के कब्जे से चार अलग-अलग कंपनियों की कुल 544 प्रतिबंधित दवाएं जब्त की गईं। इनमें SPASMO PROXYVON+ के 90 कैप्सूल, PYEEVON SPAS PLUS के 158, XARISPAS के 152 और TRIDOSS के 144 कैप्सूल शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में मिथलेश लोधी, नितेश चौहान, संतोष सिंह चौहान तथा दोनों मेडिकल स्टोर संचालकों से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोलार रोड निरीक्षक संजय सोनी, उप निरीक्षक पप्पू कटियार, उप निरीक्षक शिवेंद्र पाठक, आरक्षक पंकज बेले, आरक्षक प्रवीण यादव, आरक्षक हिमांशु बाथम तथा ड्रग इंस्पेक्टर आरके अग्रवाल और ड्रग इंस्पेक्टर तबस्सुम की भूमिका रही।

पुलिस और ड्रग विभाग की कार्रवाई के बाद दोनों मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया है। विभाग द्वारा दवाओं के क्रय-विक्रय और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

🎙️ वॉयस ऑफ क्रांति का मत

नशीली दवाओं की अवैध बिक्री से समाज में विश्वास और स्वास्थ्य दोनों को खतरा पहुँचता है। जब दवाएँ सड़कों पर पहुँचती हैं, तो वह परिवारों के सपनों को भी तोड़ देती हैं। हमें जागरूकता, शिक्षा और कानूनी सख्ती के साथ इस बुराई का सामना करना चाहिए। पीड़ितों के लिए सहानुभूति और सहायता का जाल बनाना ज़रूरी है। साथ ही, स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी और सख्त नियमों से दवाओं के दुरुपयोग को रोका जा सकता है।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।