अपराध

कोटा में शुरू हुआ ऑपरेशन H.A.W.K.:9 टीमें संभालेंगी मोर्चा, औचक चेकिंग में अवैध हथियारों पर कार्रवाई

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 2 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कोटा में शुरू हुआ ऑपरेशन H.A.W.K.:9 टीमें संभालेंगी मोर्चा, औचक चेकिंग में अवैध हथियारों पर कार्रवाई

कोटा मे चाकूबाजी और अवैध हथियारों के खिलाफ कोटा रेंज में 2 अक्टूबर आज से विशेष अभियान ‘ऑपरेशन H.A.W.K.’ (Hunt Against Weapons and Knives) शुरू किया गया है। आईजी कोटा रेंज हरेंद्र कुमार महावर के निर्देश पर कोटा शहर एसपी को इस अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है। अभियान के तहत कोटा शहर को 9 हिस्सों में बांटकर 9 विशेष टीमों का गठन किया गया है।

इन टीमों में प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। एक टीम के दायरे में एक से तीन थाने तक शामिल किए गए हैं। पुलिस चाकूबाजी की घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील स्थानों, हथियारों की बिक्री वाले क्षेत्रों और संदिग्ध लोगों के जमावड़े वाले स्थानों पर लगातार नजर रखेगी। हॉक टीमों के पास मेटल डिटेक्टर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) भी रहेंगे।

पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर औचक चेकिंग और फ्रिस्किंग करेंगी। कार्रवाई के स्थान और समय को गोपनीय रखा जाएगा, ताकि अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हो सके। अभियान का स्लोगन ‘Detect, Deter और Disarm’ रखा गया है। पुलिस पहले हथियार रखने वाले संदिग्ध लोगों और संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करेगी, फिर उन्हें रोकने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बार-बार अपराध में शामिल आरोपियों के खिलाफ नए आपराधिक कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई, संपत्ति अटैचमेंट और धारा 107 सहित कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस के अनुसार कोटा में चाकूबाजी के मामले लगातार कम हुए हैं। पिछले साल अगस्त तक 64 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस साल अगस्त तक यह संख्या घटकर 56 रह गई।

इसके बावजूद घटनाओं पर पूरी तरह नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस चाकुओं की सप्लाई के स्रोतों की भी जांच करेगी। ऑनलाइन बिक्री सामने आने पर साइबर अपराध से जुड़ी एजेंसियों के साथ मल्टी-एजेंसी कार्रवाई की जाएगी। अभियान पूरे माह चलेगा।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

वॉयस ऑफ क्रांति की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।