कोतवाल की पिस्टल खींचने के आरोपियों को जमानत:अलीगढ़ में जैकी ठाकुर और शादाब जैदी को कोर्ट से राहत, सपा नेताओं ने बांटी मिठाई
जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के विरोध में 24 जुलाई को कलेक्ट्रेट पर हुए प्रदर्शन के दौरान कोतवाल की पिस्टल खींचने और पुलिस पर हमले के आरोप में नामजद सपाइयों को बड़ी राहत मिली है। एडीजे द्वितीय की अदालत ने बुधवार को सपा नेता जैकी ठाकुर और शादाब जैदी की जमानत मंजूर कर ली।
जमानत मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। 24 जुलाई को जौहर विश्वविद्यालय के प्रस्तावित ध्वस्तीकरण के विरोध में सपाइयों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था। इसी दौरान इंस्पेक्टर सिविल लाइंस सत्यवीर सिंह यादव के साथ धक्कामुक्की और खींचतान हुई थी।
पुलिस के अनुसार, खींचतान के दौरान कोतवाल की पिस्टल खींचने की घटना भी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने नामजद सपाइयों के खिलाफ हमला, सरकारी कार्य में बाधा समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया था।
सपा नेताओं ने कोर्ट के फैसले का किया स्वागत मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश सचिव और अधिवक्ता इमरान पठान ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के फैसले का स्वागत किया।
समाजवादी छात्र सभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन मेवाती ने कहा कि अदालत से मिली जमानत न्याय व्यवस्था में विश्वास को मजबूत करने वाली है। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना हर नागरिक का अधिकार है और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है।
बोले- तथ्यों और कानून के आधार पर मिली जमानत अधिवक्ता साजिद अली ने कहा कि अदालत ने उपलब्ध तथ्यों और कानून के आधार पर जैकी ठाकुर और शादाब जैदी को जमानत दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में अन्य आरोपियों को भी जल्द न्यायालय से उचित राहत मिल सकती है।
सपा नेताओं के अनुसार, इसी मामले में समाजवादी छात्र सभा के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन मेवाती को भी पहले ही न्यायालय से जमानत मिल चुकी है। जमानत के बाद कार्यकर्ताओं में खुशी जैकी ठाकुर और शादाब जैदी को जमानत मिलने की सूचना के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी दिखाई दी।
नेताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए न्याय व्यवस्था में विश्वास जताया।
📡 स्रोत: NewsData.io