कृषि यंत्रों के अनुदान की ई-लॉटरी में 920 किसानों में 113 का चयन

सुलतानपुर। कृषि यंत्रीकरण की विभिन्न योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में ई-लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गठित समिति की मौजूदगी में सुबह 10 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक विकासखंडवार एवं यंत्रवार ई-लॉटरी कराई गई।ई-लॉटरी में कुल 920 किसानों की बुकिंग/आवेदनों के सापेक्ष 113 किसानों का चयन किया गया।
जिन कृषि यंत्रों के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, उनमें पारदर्शी तरीके से ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया।
वहीं, जिन यंत्रों के लिए लक्ष्य के बराबर या उससे कम आवेदन प्राप्त हुए, उनमें पात्र किसानों का चयन स्वतः किया गया।ई-लॉटरी के माध्यम से कस्टम हायरिंग सेंटर, रोटावेटर, मल्टीक्रॉप थ्रेसर, लेजर लैंड लेवलर, स्ट्रॉ रीपर, हैरो, सुपर सीडर, कंबाइन हार्वेस्टर सहित अन्य कृषि यंत्रों के लिए किसानों का चयन किया गया।इस दौरान समिति की ओर से उपस्थित किसानों को बताया गया कि चयनित लाभार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित कृषि यंत्र खरीदना होगा तथा निर्धारित तिथि तक upagriculture.nic.in पोर्टल पर यंत्र का बिल अपलोड करना अनिवार्य है।
समय सीमा में बिल अपलोड नहीं किए जाने पर लाभार्थी का आवेदन स्वतः निरस्त हो जाएगा ई-लॉटरी में लम्भुआ विकासखंड के सुधाकर प्रसाद तिवारी का कस्टम हायरिंग सेंटर तथा कादीपुर विकासखंड के प्रवेश कुमार सिंह का कंबाइन हार्वेस्टर के लिए चयन हुआ।
समिति के सदस्यों ने चयनित किसानों को बधाई दी।ई-लॉटरी प्रक्रिया के दौरान किसानों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया लाइव दिखाई गई, जिससे किसानों ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से देखा।
ई-लॉटरी सफलतापूर्वक संपन्न होने पर कृषि विभाग की ओर से आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी राज पति शुक्ल, लीड बैंक प्रबंधक समीर पात्रा, जिला उद्यान अधिकारी एवं जिला गन्ना अधिकारी के प्रतिनिधि, एसएचजी की सुधा सिंह, केवीके के अतुल सिंह, अवर अभियंता उमेश चन्द्र तथा एसएमएस संदीप कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।