अपराध

कृष्णकांत कोली और नरेंद्र कुशवाहा स्मैक के साथ गिरफ्तार, 11.15 ग्राम नशे का माल बरामद; ₹3 लाख का मशरूका जब्त

लेखक: Kuldeep Sharma अंतिम अपडेट: 19 सितंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कृष्णकांत कोली और नरेंद्र कुशवाहा स्मैक के साथ गिरफ्तार, 11.15 ग्राम नशे का माल बरामद; ₹3 लाख का मशरूका जब्त

शिवपुरी। जिले की करैरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 11.15 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त स्मैक की कीमत करीब 2 लाख 20 हजार रुपए है। आरोपियों के कब्जे से स्मैक के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने कुल 3 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्मैक लेकर समोहा की ओर से करैरा आ रहे हैं। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मछावली के आदिवासी पुरा के पास पहुंची। इसी दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान कृष्णकांत कोली (26), निवासी शेरगढ़ थाना नरवर और नरेंद्र कुशवाहा (34), निवासी पोहा थाना नरवर के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 11.15 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 651/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। पुलिस अब आरोपियों से स्मैक के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उनि तेज सिंह गौड़ सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की भूमिका रही।

K
Kuldeep Sharma

कुलदीप शर्मा पिछोर, शिवपुरी के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं