राजनीति

कुकुमसेरी कॉलेज में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर भाषण प्रतियोगिता, सुहानी ने हासिल किया पहला स्थान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 नवंबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
कुकुमसेरी कॉलेज में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर भाषण प्रतियोगिता, सुहानी ने हासिल किया पहला स्थान

युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक जागरूकता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय कुकुमसेरी में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) लाहौल-स्पीति और महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग एवं यूथ पार्लियामेंट’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचारों एवं तर्कों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अनिता कुमारी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि जिला युवा अधिकारी किन्नौर शुभम चंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के पक्ष और विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. अनिता कुमारी, प्रो. मनोज कुमार, डॉ. अक्षय कुमार, डॉ. माया देवी और प्रो. सालिक राम ने निभाई।

प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा सुहानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कार्तिक दूसरे और हिमानी तीसरे स्थान पर रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. सालिक राम और बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा कृष्णा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर पुस्तकालय अध्यक्ष रमेश कुमार, वरिष्ठ सहायक शाम लाल, धर्म देई, अजीत कुमार सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता की विजेता सुहानी अब जिला शिमला में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय युवा संवाद में जिला लाहौल-स्पीति का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार रखने के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समझ विकसित करने का अवसर मिला।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।