लादरचा मेले की सांस्कृतिक संध्या में गूंजे सुर, झूम उठा काज़ा
अगस्त 25, लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): स्पीति के काज़ा में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय लादरचा मेले की सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय लोक संस्कृति और संगीत का शानदार संगम देखने को मिला। पहली सांस्कृतिक संध्या में लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा विशेष रुप से उपस्थित रही।
कार्यक्रम में बुचेन लुंडुप छेतन, महिला मंडल काज़ा, जेएनवी लारी, जीएसएसएस लोसर, जीएसएसएस सगनम, जीएसएसएस काज़ा और मुन्सेलिंग स्कूल रंगरिक ने पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
वहीं विजय मोडका की मिमिक्री, तंजिन यांगजॉम, काज़ा बैंड, रोजी शर्मा, राजवीर नेगी, केदार नेगी, लोबजांग कपूर सहित कई लोकप्रिय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सांस्कृतिक संध्या में लद्दाख कल्चर एसोसिएशन, 6 स्ट्रिंग चंडीगढ़ और अन्य कलाकारों ने भी संगीत की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण स्टार नाइट रहा, जिसमें लद्दाखी गायक दोरजे स्टाकमो ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। लादरचा मेले की यह सांस्कृतिक संध्या स्थानीय प्रतिभाओं और हिमालयी क्षेत्रों के कलाकारों के सुंदर संगम के रूप में यादगार बनी।