राजनीति

लघु उद्योग भारती का राज्य स्तरीय सम्मेलन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति
लघु उद्योग भारती का राज्य स्तरीय सम्मेलन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले- नई योजनाएं लेकर आगे आएं उद्यमी, सरकार हरसंभव सहयोग करेगी; छोटे उद्योगों को बढ़ावा देना प्राथमिकता

पाली, 4 अक्टूबर। पाली शहर की अग्रसेन वाटिका में लघु उद्योग भारती का राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। एक दिवसीय सम्मेलन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए उद्यमियों और संगठन के पदाधिकारियों ने लघु एवं छोटे उद्योगों से जुड़े मुद्दों, सरकारी योजनाओं और औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने उद्यमियों से नई योजनाओं और नए उद्योगों के प्रस्ताव लेकर आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों के साथ सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री ने राजस्थान में होटल उद्योग की संभावनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में होटलों की कमी है, ऐसे में उद्यमियों को इस क्षेत्र में भी निवेश की संभावनाओं पर विचार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि घर हो या उद्योग, समस्याएं हर जगह आती हैं और समस्याओं का पूरी तरह समाप्त होना संभव नहीं है। जरूरी यह है कि समस्याओं का समाधान करते हुए लगातार आगे बढ़ा जाए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे उद्योगों की मजबूती से ही देश के आर्थिक विकास को गति मिल सकती है और राजस्थान सरकार की प्राथमिकता लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देना है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि राजस्थान में करीब 8,500 करोड़ रुपये के उद्योग स्थापित हुए हैं। उन्होंने स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए उद्यमियों से स्थानीय उत्पादन और कारोबार को मजबूत करने की अपील की।

सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से लघु उद्योग भारती से जुड़े प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान उद्योगों के विकास, उद्यमियों की समस्याओं, सरकारी योजनाओं, निवेश और भविष्य की औद्योगिक संभावनाओं सहित विभिन्न विषयों पर मंथन किया गया।

सम्मेलन में उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। आयोजन का उद्देश्य लघु उद्योगों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करने के साथ प्रदेश में नए निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना रहा।

बाईट - मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा

बाईट - मदन राठौड़ प्रदेशाध्यक्ष भाजपा

बाईट -महावीर चोपड़ा लघु उद्योग भारती

बाईट- विनय कुमार लघु उद्योग भारती

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan वॉयस ऑफ क्रांति के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।