लाहौल-स्पीति में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगेगी लगाम
अगस्त 25, लाहौल-स्पीति (हिमाचल प्रदेश): लाहौल-स्पीति में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए एनीमल बर्थ कंट्रोल यानी एबीसी अभियान शुरू किया गया है। उपायुक्त किरण भड़ाना ने ग्राम पंचायत गौशाल में छह दिवसीय नसबंदी अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत 24 से 26 अगस्त तक केलांग उपमंडल में 30 आवारा कुत्तों और 27 से 29 अगस्त तक उदयपुर उपमंडल में 30 आवारा कुत्तों की नसबंदी का लक्ष्य रखा गया है। उपायुक्त ने कहा कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या से कुत्तों के काटने और रेबीज जैसी घातक बीमारी के फैलने का खतरा बना रहता है।
अभियान के तहत कुत्तों की नसबंदी के बाद उन्हें एंटी-रेबीज टीका और आवश्यक उपचार दिया जाएगा तथा स्वस्थ होने पर उसी क्षेत्र में वापस छोड़ा जाएगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से अभियान में सहयोग का आह्वान किया। उपायुक्त ने बताया कि आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण के लिए अक्तूबर में भी अभियान चलाया जाएगा।
पशुपालन विभाग के अनुसार पिछले वर्ष जिले में 50 कुत्तों की नसबंदी और 534 कुत्तों का एंटी-रेबीज टीकाकरण किया गया था।