इतिहास

लक्ष्मीनारायण मंदिर में तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव, महाचंडी होम होगा आकर्षण

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: वॉयस ऑफ क्रांति

भोपाल। लक्ष्मीनारायण (बिड़ला) मंदिर में 16 से 18 अक्टूबर तक तीन दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। वैदिक धर्म संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में विशेष वैदिक यज्ञ और महाचंडी होम संपन्न होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिक साधना से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

मंदिर के प्रबंधक के.के. पांडेय ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दो सत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रथम सत्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा, जबकि दूसरा सत्र शाम 6 बजे से शुरू होगा।

वैदिक मंत्रोच्चार और महाचंडी होम के माध्यम से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। दूसरे सत्र में पूजन-अर्चन के बाद श्रद्धालुओं के लिए भक्तिमय गरबा विशेष आकर्षण रहेगा।

मंदिर प्रबंधन ने धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करने तथा आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।