ललितपुर में एक घंटे नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस, VIDEO:सांस की मरीज को परिजन लोडिंग टैक्सी से मेडिकल कॉलेज लाए
ललितपुर में 108 एंबुलेंस के एक घंटे तक नहीं पहुंचने पर परिजनों को मरीज को लोडिंग टैक्सी से अस्पताल ले जाना पड़ा। सांस लेने में तकलीफ से जूझ रही एक महिला को रात के समय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है। यह घटना ललितपुर के थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम रसोई की है।
शुक्रवार रात करीब 12 बजे ग्राम रसोई निवासी उर्मिला के सीने में तेज दर्द उठा और उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया। परिजनों ने बताया कि एंबुलेंस के लिए एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार किया गया, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची।
कोई विकल्प न देख, परिजनों ने गांव से एक लोडिंग टैक्सी एक हजार रुपये में किराए पर ली। टैक्सी में गद्दा बिछाकर मरीज उर्मिला को लिटाया गया और रात करीब 2 बजे उपचार के लिए ललितपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
पीड़ित राधे लाल ने बताया कि एंबुलेंस चालक ने एक बार एंबुलेंस पंचर होने की बात कही थी, लेकिन इंतजार के बावजूद एंबुलेंस नहीं आई। मरीज को लोडिंग टैक्सी से मेडिकल कॉलेज लाए जाने का यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
📡 स्रोत: NewsData.io